पूर्व जेडीयू सांसद संतोष कुशवाहा आज थाम सकते हैं आरजेडी का दामन, लेसी सिंह के खिलाफ लड़ सकते हैं चुनाव

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सभी दलों के नेता लगातार बैठकों और रणनीति तैयारियों में जुटे हैं, वहीं कई नेता अब पार्टी बदलने के मूड में भी दिखाई दे रहे हैं। इसी क्रम में पूर्णिया के पूर्व जेडीयू सांसद संतोष कुशवाहा आज राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, संतोष कुशवाहा दोपहर तीन बजे पटना में आरजेडी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। माना जा रहा है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में धमदाहा सीट से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। इस सीट से वर्तमान में बिहार सरकार की मंत्री और जेडीयू की वरिष्ठ नेता लेसी सिंह विधायक हैं।
संतोष कुशवाहा पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र से जेडीयू के टिकट पर सांसद रह चुके हैं और कुशवाहा-कुर्मी समुदाय से आते हैं। बिहार की राजनीति में उन्हें एक प्रभावशाली नेता के रूप में देखा जाता है।बिहार विधानसभा चुनाव इस बार दो चरणों में होने जा रहे हैं पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को और दूसरे चरण की 11 नवंबर को होगी। 243 विधानसभा सीटों के परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे, जबकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त होगा।