गोवा के एक गेस्ट हाउस में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म, 4 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पणजी: उत्तर गोवा जिले के एक गेस्ट हाउस में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने गेस्ट हाउस के मालिक और मैनेजर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार एक ही इमारत में रहने वालीं 11, 13 और 15 वर्ष की उम्र की इन लड़कियों से सात और आठ जून को कलंगुट इलाके में स्थित गेस्ट हाउस में दो लोगों ने दुष्कर्म किया था। अधिकारियों के मुताबिक, ये पांचों एक साथ गेस्ट हाउस में ठहरने के लिए पहुंचे थे। इनमें दो बड़ी लड़कियां बहनें हैं।
पीड़ित लड़कियों के परिजनों ने 8 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि लड़कियां एक दिन पहले से लापता हैं। पुलिस ने कई टीमें गठित कीं और उसी दिन लड़कियों को गेस्ट हाउस से सुरक्षित निकालते हुए दो युवकों 19 साल के अल्ताफ मुझावर और 21 साल के ओम नाइक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने होटल में एंट्री का रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों को सबूत के तौर पर इकट्ठा कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक राहुल गुप्ता ने बताया कि गेस्ट हाउस के मालिक रजत चौहान (31) और मैनेजर मंसूर पीर (35) को बुधवार रात गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि उन्हें नाबालिग लड़कियों को उनके माता-पिता की सहमति और सत्यापन के बिना गेस्ट हाउस में ठहराने, कानून का उल्लंघन करने और अपराध को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।