सीएम नायब सिंह सैनी ने भाजपा अध्यक्ष नड्डा व दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की शिष्टाचार मुलाकात

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को अपने दिल्ली प्रवास दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा व दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार मुलाकात की । इस दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं व संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की । इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि ‘आज नई दिल्ली में भाजपा के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री जे.पी नड्डा जी से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर उनके साथ विभिन्न संगठनात्मक विषयों तथा प्रदेश के विकास से संबंधित विषयों पर सार्थक और सकारात्मक चर्चा की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री सैनी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भेंट के बाद फेसबुक पेज पर अपने विचार सांझा करते हुए कहा कि ‘ दिल्ली में भाजपा की ‘नई रेखा’ खींचने वाली हरियाणा की बेटी, सम्मानित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट हुई। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी सोच और निर्णायक नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज देश की बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। वे मात्र विकास की भागीदार नहीं, बल्कि नेतृत्व की धुरी भी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इसकी बहुत बड़ी मिसाल हैं। इस मुलाकात दौरान दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद थे ।