भारत के कड़े रुख से बौखलाया पाकिस्तान, रात भर की फायरिंग, भारतीय सेना ने भी दिया मुंहतोड़ जवाब

कश्मीर। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के कड़े रुख से पाकिस्तान बौखला गया है। पाकिस्तान सेना ने लगातार दूसरे दिन सीज़फायर का उल्लंघन किया। जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के गुरेज़ और तंगधार सेक्टर में आज पूरी रात फायरिंग हुई। गोलीबारी का भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
दरअसल, पाकिस्तान डर की वजह से रात भर फ़ायरिंग कर रहा है। उसे लग रहा है कि कहीं भारतीय सेना क्रॉस बॉर्डर न कर दें। भारतीय सेना की तरफ से बताया गया है कि 25-26 अप्रैल 2025 की रात को कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार कई पाकिस्तानी सेना चौकियों द्वारा बिना उकसावे के गोलीबारी की गई। भारतीय सैनिकों ने छोटे हथियारों से करारा जवाब दिया। गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
कल भी पाकिस्तान ने की थी फायरिंग
इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार-शुक्रवार की रात नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर कई चौकियों से गोलीबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। भारतीय सेना के अधिकारियों के अनुसार, भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारियों ने कहा कि नियंत्रण रेखा पर कुछ स्थानों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की शुरुआत पाकिस्तानी सेना ने की। भारतीय सेना ने इसका प्रभावी ढंग से जवाब दिया।