कैब ड्राइवर ने पत्नी समेत ससुराल के 6 लोगों को उतारा मौत के घाट! 7 साल के मासूम की भी हत्या, ऐसे खुला खौफनाक राज

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। यहां एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है। घरेलू विवाद से नाराज आरोपी ने कथित तौर पर इस वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। उसने दो दिनों के भीतर सात लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में सात साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में सात हत्याएं करने की बात कबूल की है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस को छह शव बरामद नहीं हुए थे। तलाशी अभियान के दौरान नंदी हिल्स की तलहटी के पास से सात वर्षीय बच्चे पुनीत का शव मिला है। बाकी शवों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
20 साल पहले हुई थी शादी, आए दिन होता था विवाद
जांच में सामने आया है कि आरोपी इंदुशेखर बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में बशम सर्किल के पास रहता था और कैब चलाने का काम करता था। करीब 20 साल पहले उसकी शादी सुनीता नाम की महिला से हुई थी। पुलिस का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच होने वाले झगड़ों में सुनीता के मायके वाले भी हस्तक्षेप करते थे। इसी बात को लेकर इंदुशेखर नाराज रहता था। उसे शक था कि ससुराल के लोग उसकी वैवाहिक जिंदगी में दखल दे रहे हैं और उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़का रहे हैं। इसी नाराजगी ने कथित तौर पर उसे खौफनाक वारदात की साजिश रचने के लिए उकसाया।
पहले पत्नी की हत्या, फिर बहाने से सालों को घर बुलाया
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की। इसके बाद उसने साजिश के तहत अपने दोनों सालों को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया। आरोप है कि घर पहुंचने पर उसने दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी दोनों सालियों की पत्नियों, सास और सात साल के बच्चे को भी निशाना बनाया। इस तरह दो दिनों के भीतर उसने कथित तौर पर सात लोगों की जान ले ली। जांच एजेंसियों को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी ने सिलबट्टे के पत्थर का इस्तेमाल किया था। हत्या के बाद उसने शवों को अपनी कार में रखा और अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया। पुलिस के मुताबिक, घर में खून के निशान मिटाने और सबूत नष्ट करने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किए जाने की भी आशंका है।
नंदी हिल्स के पास मिला 7 साल के पुनीत का शव
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नंदी हिल्स की तलहटी में तलाशी अभियान चलाया। करीब चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद किया गया। पुलिस अब बाकी छह शवों की तलाश में जुटी है। इस बीच पुलिस ने आरोपी के घर की भी जांच की है। वहां से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने वारदात को किस तरह अंजाम दिया और शवों को किन-किन जगहों पर छिपाया।
गुमशुदगी की शिकायत से खुला सात हत्याओं का राज
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा परिवार के सदस्यों के अचानक लापता होने के बाद हुआ। बताया जा रहा है कि एक रिश्तेदार ने श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लापता लोगों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान कॉल रिकॉर्ड और दूसरे सबूतों के आधार पर पुलिस का शक इंदुशेखर पर गहराने लगा। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अलग-अलग बयान दिए। हालांकि, सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उसने सात लोगों की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नंदी हिल्स के पास तलाशी अभियान चलाया, जहां से मासूम पुनीत का शव मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। बाकी शवों की बरामदगी के साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात से जुड़े अन्य सबूतों की तलाश की जा रही है। इस सामूहिक हत्याकांड ने पूरे बेंगलुरु में सनसनी फैला दी है।







