Main Slideराष्ट्रीय

पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का मुख्य आरोपी समेत तीन ढेर, थानेदार घायल

बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को पुलिस और अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट पर हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन अपराधियों को मार गिराया। मारे गए आरोपियों में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का मुख्य आरोपी भी शामिल बताया जा रहा है। वहीं, अपराधियों की ओर से की गई गोलीबारी में मनेर के थानाध्यक्ष घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ शेरपुर गंगा घाट के आसपास छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली मनेर थानाध्यक्ष को लग गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में तीनों अपराधियों को गोली लगी और उनकी मौत हो गई।

पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में चल रहे थे फरार

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मारे गए तीनों अपराधियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इनकी तलाश मनेर में हुई हत्या की एक वारदात के सिलसिले में भी की जा रही थी। इसके अलावा दानापुर और शाहपुर समेत जिले के कई थानों में इनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपी वांटेड थे और हाल में हुई आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही थी। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में संभावित भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

घटनास्थल पर पहुंची FSL की टीम, जुटाए जा रहे साक्ष्य

मुठभेड़ के बाद शेरपुर गंगा घाट इलाके में पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं। घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया है। टीम मौके से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है, ताकि मुठभेड़ की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल का जायजा ले रहे हैं। साथ ही आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

पहले भी मनेर में हो चुका है एनकाउंटर

गौरतलब है कि मनेर इलाके में इससे पहले भी पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आ चुकी है। बीते जुलाई में हुई एक मुठभेड़ में भी एक अपराधी मारा गया था। ताजा घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close