अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो सकते हैं हार्दिक पांड्या, ट्रेनिंग के दौरान पैर में लगी चोट

नई दिल्ली। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की राह एक बार फिर मुश्किल होती नजर आ रही है। अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से पहले पांड्या को ट्रेनिंग के दौरान पैर में हल्की चोट लग गई है। नई चोट के बाद उनकी गेंदबाजी पर फिलहाल रोक लगा दी गई है और सीरीज में उनके खेलने को लेकर संशय बढ़ गया है।
हाल ही में खबर सामने आई थी कि हार्दिक पांड्या अपनी पूरी क्षमता के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं और जल्द ही भारतीय टीम में वापसी के लिए तैयार हैं। ऐसे में माना जा रहा था कि अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्हें टीम में जगह मिल सकती है। लेकिन बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के दौरान लगी चोट ने उनकी वापसी की योजना को प्रभावित कर दिया है।
रिहैब के दौरान लगी चोट, गेंदबाजी से बनाई दूरी
रिपोर्ट के मुताबिक हार्दिक अपनी फिटनेस हासिल करने के अंतिम चरण में थे। इसी दौरान उनके पैर में हल्की चोट सामने आई। इसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें गेंदबाजी से फिलहाल दूर रहने की सलाह दी है। वह इस समय बल्लेबाजी पर ध्यान दे रहे हैं और उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 सितंबर से शुरू होने की उम्मीद है। टीम चयन को लेकर चयनकर्ताओं की बैठक इसी सप्ताह हो सकती है। उससे पहले बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट चयनकर्ताओं तक पहुंचाई जाएगी।
चोट ने बढ़ाई पांड्या की मुश्किलें
हार्दिक पांड्या पिछले कुछ समय से लगातार चोटों से जूझ रहे हैं। इसी वजह से वह भारतीय टीम की कई व्हाइट-बॉल सीरीज का हिस्सा नहीं बन सके। अफगानिस्तान, इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ सीरीज भी उन्होंने चोट के कारण मिस की हैं। पांड्या ने भारत के लिए अपना पिछला मुकाबला 8 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में खेला था। इसके बाद से वह फिटनेस हासिल करने के लिए रिहैब और ट्रेनिंग से गुजर रहे हैं। आईपीएल में भी उनकी वापसी देखने को मिली थी, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी अभी तक नहीं हो सकी है।
नितीश रेड्डी और सुंदर की वापसी के संकेत
अफगानिस्तान सीरीज से पहले ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। दोनों खिलाड़ी रिकवरी के बाद टीम में वापसी के लिए तैयार होते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, जसप्रीत बुमराह के तीन मैचों की टी20 सीरीज में खेलने को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। ऐसे में टीम चयन से पहले खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट काफी अहम रहने वाली है।
हार्दिक के लिए फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती इस नई चोट से पूरी तरह उबरना है। उनकी फिटनेस को देखते हुए ही चयनकर्ता अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए टीम में उनकी जगह पर अंतिम फैसला लेंगे।







