Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: 100 साल पुराना मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। महुली गांव में करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। मलबे में दबने से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य सुरक्षित बच गया।

जानकारी के मुताबिक, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव (60) का मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। गुरुवार देर रात करीब 2 बजे अचानक मकान ढह गया। तेज धमाके और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

इन छह लोगों की गई जान

हादसे में जान गंवाने वालों में प्रमोद श्रीवास्तव, रीता श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव, माधुरी श्रीवास्तव और दो मासूम बच्चे माधव व अद्विक शामिल हैं। हादसे के दौरान परिवार के सदस्य अमन (28) की जान बच गई। उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के चलते जर्जर और कच्चे मकानों के गिरने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इससे पहले पट्टी तहसील क्षेत्र में बारिश के कारण एक किसान का कच्चा मकान ढह गया था, जिसमें किसान घायल हुआ था, जबकि उसके बच्चे सुरक्षित बच गए थे। वहीं, करीब 10 दिन पहले जिले में एक और दर्दनाक हादसा हुआ था। घर के बाहर खेल रही 5 वर्षीय बच्ची मानसी 10 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। लगातार हो रही बारिश के बीच ऐसे हादसों ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर भवनों की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close