Main Slideप्रदेश

कुलगाम हमले पर भावुक हुए CM विष्णुदेव साय, शहीद श्रमिकों के परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार शाम आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। इस हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत हो गई। आतंकियों की गोलीबारी में घायल हुए दोनों मजदूरों को अस्पताल ले जाया गया, जहां 24 वर्षीय दीपक रात्रे को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 28 वर्षीय भूपेंद्र कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हमला कुलगाम के केलम क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्ठे पर हुआ, जहां दोनों मजदूर काम कर रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में एक श्रमिक की मृत्यु और दूसरे के घायल होने की सूचना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। हालांकि, मुख्यमंत्री की यह प्रतिक्रिया उस समय आई थी, जब भूपेंद्र कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा था। बाद में इलाज के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।

गौरतलब है कि कश्मीर में हाल के दिनों में आतंकी गतिविधियां फिर बढ़ी हैं। करीब 10 दिन पहले अनंतनाग में आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। ताजा हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।

इसी बीच श्रीनगर में सुरक्षा जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक सुरक्षाकर्मियों को देखकर वाहन लेकर भाग निकला, हालांकि बाद में कार बरामद कर ली गई। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close