समृद्धि एक्सप्रेसवे पर मिर्च लदे ट्रक ने कार को रौंदा, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

वर्धा/ महाराष्ट्र के वर्धा जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एशिया के सबसे आधुनिक माने जाने वाले समृद्धि महामार्ग (एक्सप्रेसवे) पर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक और कार के बीच हुई भीषण भिड़ंत में 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। यह खौफनाक हादसा पुलगांव पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विरुल इंटरचेंज के पास हुआ।
कार को रौंदते हुए पलटा मिर्च लदा ट्रक, धू-धू कर जली गाड़ियां
चश्मदीदों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह ट्रक के नीचे दबकर मलबे में तब्दील हो गई। भिड़ंत के तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि ट्रक में सूखी मिर्च लदी हुई थी, जिसके चलते आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया।
इस दिल दहला देने वाले हादसे में कार में सवार ड्राइवर समेत 4 लोगों की मौके पर ही झुलसने और दबने से मौत हो गई। वहीं, गंभीर चोटों के चलते ट्रक चालक ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक्सप्रेसवे पर लगा लंबा जाम
घटना को देखते हुए हाईवे अथॉरिटी और पुलगांव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस हादसे के बाद आधी रात से ही समृद्धि एक्सप्रेसवे पर वाहनों के पहिये थम गए और लंबा जाम लग गया। पुलिस क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने में जुटी है। सभी शवों को कब्जे में लेकर पुलगांव के ग्रामीण अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हादसे के सटीक कारणों की तफ्तीश कर रही है







