अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा: रामबन में 4 वाहनों की टक्कर, 18 श्रद्धालु घायल

जम्मू-कश्मीर में पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार वाहनों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पैदल यात्रा पर निकले 18 श्रद्धालु घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम मार्ग से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान अचानक चार वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे की चपेट में कई यात्री आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को निकालकर नजदीकी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में घायल सभी 18 श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं। उनका इलाज जारी है और सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।







