Main Slideप्रदेश

नामांकन के तुरंत बाद JJD उम्मीदवार वीणा मानवी गिरफ्तार, तेज प्रताप बोले- ‘लोकतंत्र पर हमला’

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए रविवार को नामांकन का अंतिम दिन रहा। इसी दौरान जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी ने समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। हालांकि, नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के तुरंत बाद पुलिस ने उन्हें एक पुराने कथित धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार कर लिया।

वीणा मानवी की गिरफ्तारी के बाद समाहरणालय परिसर के बाहर उनके समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें हिरासत में लेकर अपने साथ रवाना कर दिया।  उधर, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इस कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार को झूठे मामले में फंसाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई है।

तेज प्रताप यादव ने कहा, “नामांकन के दिन हमारी प्रत्याशी वीणा मानवी के खिलाफ की गई कार्रवाई पर हमें गंभीर आपत्ति है। यदि उन्हें चुनाव लड़ने से रोकने या लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है, तो यह बेहद चिंताजनक है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और जरूरत पड़ने पर हम न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि जनशक्ति जनता दल पूरी मजबूती से वीणा मानवी के साथ खड़ी है और उन्हें विश्वास है कि अंततः सत्य की जीत होगी। गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव के नेतृत्व वाली जनशक्ति जनता दल ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। नामांकन से एक दिन पहले तेज प्रताप यादव ने उन्हें पार्टी का चुनाव चिह्न सौंपकर आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया था। चुनाव चिह्न मिलने के बाद वीणा मानवी ने सोशल मीडिया पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा था कि वह पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी और बांकीपुर विधानसभा की जनता की आवाज बनकर काम करेंगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close