Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर PAC जवान की कार्बाइन से अचानक फायरिंग, 3 लोग घायल, CCTV फुटेज आया सामने

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात PAC जवान की कार्बाइन से अचानक फायरिंग हो गई। इस घटना में फूल-माला की दुकान पर काम करने वाले तीन लोग घायल हो गए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें जवान के हाथ में कार्बाइन लिए आगे बढ़ते ही गोली चलती दिखाई दे रही है।

पुलिस के अनुसार, गोली चलाने वाले जवान की पहचान अमरनाथ चौहान के रूप में हुई है, जो PAC की 48वीं बटालियन में तैनात हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला एक्सीडेंटल फायरिंग का माना जा रहा है। बताया गया कि भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान जवान के हाथ से कार्बाइन छूट गई, जिससे दो राउंड फायर हो गए।

घटना सुबह करीब 6:44 बजे गेट नंबर-4 स्थित नंदू फरिया एंट्री पॉइंट के सामने हुई। फायरिंग के दौरान गोली जमीन से टकराई और उसके छर्रे (रिकोशेट) पास की फूल-माला की दुकान पर काम कर रहे तीन लोगों को जा लगे। घायलों को तत्काल मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि एक घायल के हाथ, दूसरे की कमर और तीसरे की टांग में छर्रे लगे हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर शिवहरि मीणा समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि कार्बाइन से फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close