राजा रघुवंशी हत्याकांड: सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल बरकरार रखी सोनम रघुवंशी की जमानत, मेघालय सरकार को नोटिस पर अगली सुनवाई अगले हफ्ते

राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत मिल गई है। सर्वोच्च अदालत ने मेघालय हाईकोर्ट द्वारा दी गई जमानत पर तत्काल रोक लगाने से इनकार करते हुए उसे बरकरार रखा है। साथ ही मेघालय सरकार की जमानत रद्द करने की याचिका पर सोनम रघुवंशी को नोटिस जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई अगले सप्ताह गुरुवार को होगी। मेघालय सरकार ने हाईकोर्ट के जमानत आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। इससे पहले सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत से मामले की गंभीरता का हवाला देते हुए जल्द सुनवाई की मांग की थी, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने याचिका स्वीकार कर सुनवाई शुरू की।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सोनम रघुवंशी पहले ही रिहा हो चुकी हैं, इसलिए फिलहाल उनकी जमानत पर रोक लगाने का कोई कारण नहीं है। अदालत ने यह भी कहा कि वह पहले यह देखेगी कि ट्रायल किस स्थिति में है। इसी आधार पर कोर्ट ने जमानत को फिलहाल बरकरार रखते हुए नोटिस जारी किया।
मेघालय सरकार ने जमानत पर उठाए सवाल
जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस शील नागू की पीठ के समक्ष सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी कि यह बेहद गंभीर और सुनियोजित हत्या का मामला है। उन्होंने कहा कि जिस न्यायाधीश ने पहले तीन बार जमानत याचिका खारिज की थी, उसी ने चौथी बार जमानत दे दी, जबकि मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है।
‘सुनियोजित थी हत्या’
सॉलिसिटर जनरल ने अदालत में कहा कि जांच के अनुसार यह हत्या पहले से सुनियोजित थी। आरोप है कि सोनम रघुवंशी अपने पति राजा रघुवंशी को हनीमून के बहाने मेघालय ले गईं, जहां कथित रूप से तीन अन्य आरोपियों के साथ मिलकर उनकी हत्या की गई और शव को खाई में फेंक दिया गया। घटना के बाद सोनम को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था।
क्या है पूरा मामला?
इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी मई 2025 में सोनम रघुवंशी से हुई थी। शादी के बाद दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए थे। वहां राजा के लापता होने के बाद उनकी लाश बरामद हुई। पुलिस जांच में आरोप लगा कि सोनम रघुवंशी और राज कुशवाहा के बीच कथित प्रेम संबंध थे और दोनों ने मिलकर हनीमून के बहाने राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची। इस मामले में पुलिस अब तक सोनम रघुवंशी समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।







