झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान: सीएम हेमंत सोरेन ने खुद भरा एन्यूमरेशन फॉर्म, लोगों से की यह अपील

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने और मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन कराने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसे सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी मतदाताओं से समय पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने का आग्रह किया।
कल्पना सोरेन ने भी भरा प्रपत्र
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ने एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस अवसर पर विधायक Kalpana Soren ने भी स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम रांची धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन तथा बीएलओ वेरोनिका देवी सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।







