Weather Update: कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल, पालघर में रेड अलर्ट

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार सक्रिय होता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिनों में मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कुछ अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके साथ ही कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान का दौर जारी रहने की संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई को महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। वहीं 2 से 7 जुलाई के बीच बिहार के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना है। इस दौरान राज्य में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसके अलावा गुजरात, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी तेज बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने, मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर से पहले 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मुंबई और महाराष्ट्र के लिए ऑरेंज अलर्ट
मुंबई और महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में 2 से 4 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार सक्रिय मानसून के कारण कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। वहीं पालघर जिले के लिए अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों, कॉलेजों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। बुधवार को भी जिले में लगातार हुई तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली।







