उन्नाव में भीषण सड़क हादसा: एक्सप्रेसवे पर बस ने डिवाइडर पार कर कार को रौंदा, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि निजी स्लीपर बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस चालक को झपकी आना बताई जा रही है।
डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची बस
यह दुर्घटना बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या-230, गांव देवखरी के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, हरियाणा से मजदूरों को लेकर बिहार जा रही एक निजी स्लीपर बस का चालक वाहन चलाते समय झपकी आने के कारण नियंत्रण खो बैठा। बस डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में पहुंच गई और सामने से आ रही एक आर्टिगा कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे खाई में पलट गई।
कार सवार पांच लोगों की मौके पर मौत
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा (UPEIDA) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ भेजा गया। चिकित्सकों ने कार में सवार दिव्या (6), अमृता (13), अंजू (40), धुनमुन (60) और चालक विनोद (45) को मृत घोषित कर दिया। सभी मृतक संत कबीरनगर जिले के रहने वाले थे और एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
12 घायल जिला अस्पताल रेफर
हादसे में बस में सवार 12 यात्री भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए उन्नाव जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रशासन ने लिया घटनास्थल का जायजा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, उपजिलाधिकारी बांगरमऊ बृजमोहन शुक्ला समेत अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है।







