घरेलू सहायक से मारपीट के आरोपों पर क्रिकेटर शशांक सिंह की सफाई, बोले- ‘मुझे बदनाम करने की साजिश रची गई’

घरेलू सहायक (कुक) के साथ कथित मारपीट के मामले में क्रिकेटर शशांक सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से यह पूरी साजिश रची गई है। वहीं, पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक समाचार चैनल से बातचीत में शशांक सिंह ने कहा कि उन्होंने न तो कुक के साथ मारपीट की और न ही उसके साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार किया। उनका आरोप है कि शिकायतकर्ता घर के अंदर निजी तस्वीरें और वीडियो बना रहा था, जो बेहद संदिग्ध गतिविधि थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुक को कभी बंधक नहीं बनाया गया।
‘कुक की गतिविधियां थीं संदिग्ध’
शशांक सिंह ने आरोप लगाया कि घरेलू सहायक की हरकतें शुरू से ही संदेहास्पद थीं। उनके मुताबिक, घर से भगवान गणेश की एक मूर्ति भी गायब है। उन्होंने दावा किया कि रीवा में जानकारी लेने पर पता चला कि संबंधित व्यक्ति संदिग्ध प्रवृत्ति का था और नशा भी करता था। क्रिकेटर ने कहा कि उनके पिता ने घर से निकलने से पहले घरेलू सहायक का वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसके शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं थे। उनका कहना है कि बाद में दर्ज कराई गई एफआईआर पूरी तरह सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। शशांक सिंह ने कहा कि संबंधित व्यक्ति खुद को कुक बताकर उनके घर आया था, लेकिन उसे खाना बनाना तक नहीं आता था। उनका आरोप है कि वह घर के अलग-अलग हिस्सों, यहां तक कि उनके निजी कमरे की भी तस्वीरें खींचकर किसी को भेज रहा था।
उन्होंने बताया कि उनकी बहन ने उसकी गतिविधियां देखकर पुलिस कंट्रोल रूम (100) पर कॉल करने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने यह सोचकर मना कर दिया कि एक गरीब व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई ठीक नहीं होगी। अब उन्हें लगता है कि शिकायतकर्ता ने पैसे कमाने और उनकी छवि खराब करने के इरादे से झूठे आरोप लगाए हैं।
‘बिना पुलिस वेरिफिकेशन रखना हमारी गलती’
शशांक सिंह ने स्वीकार किया कि बिना पुलिस सत्यापन के घरेलू सहायक रखना उनकी सबसे बड़ी गलती थी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता के मोबाइल फोन में उनके घर के कई निजी फोटो और वीडियो मिले थे, जिन्हें उनकी मां ने हटाने के लिए कहा था।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
उधर, अतिरिक्त डीसीपी (जोन-1) रश्मि अग्रवाल दुबे ने बताया कि घरेलू सहायक की शिकायत के आधार पर मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, एफआईआर में तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें शैलेश सिंह, उनके बेटे क्रिकेटर शशांक सिंह और परिवार का ड्राइवर शामिल हैं। शिकायतकर्ता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई मेडिकल रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पक्षों के दावों की पड़ताल कर रही है।







