राम मंदिर चढ़ावा मामले पर ओवैसी का योगी सरकार पर हमला, बोले- ‘मुसलमान होता तो अब तक एनकाउंटर हो जाता’

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा हेरफेर मामले को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा निशाना साधा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बिजनौर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने मामले की जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
ओवैसी ने कहा कि अगर ट्रस्ट में किसी मुस्लिम सदस्य का नाम सामने आता, तो अब तक उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो चुकी होती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “अगर ट्रस्ट में कोई मुसलमान होता तो उसका एनकाउंटर कर दिया जाता और बुलडोजर भी चला दिया जाता।”
सभा के दौरान उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों का भी जिक्र किया और कहा कि मामले में कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ओवैसी ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ भी अपेक्षित सख्ती नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जांच की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।
राम मंदिर चढ़ावा मामले ने राजनीतिक रंग तब पकड़ा जब समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को सार्वजनिक रूप से उठाया। इसके बाद मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई। जांच एजेंसियों ने अब तक इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
उधर, जांच के बीच राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े दो प्रमुख पदाधिकारियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। चंपत राय ने महासचिव पद छोड़ा, जबकि ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा ने भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से इस पूरे मामले में लगातार सहयोग करने की बात कही जा रही है। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है, जबकि एसआईटी जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई और अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।







