Main Slideराजनीतिराष्ट्रीय

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर बोले बागेश्वर बाबा, ‘श्रद्धा की चोरी करने वालों को भगवान का दंड जरूर मिलेगा’

अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और धांधली के मामले को लेकर देशभर में चर्चा तेज है। यूपी पुलिस द्वारा 8 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी किए जाने के बाद अब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भगवान के नाम पर चढ़ाए गए दान में गड़बड़ी करने वालों को कानून के साथ-साथ ईश्वर का दंड भी भुगतना पड़ेगा।

इस समय इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में श्री हनुमंत कथा कर रहे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा के दौरान राम मंदिर मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पैसों की चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात है।

बागेश्वर बाबा ने कहा, “रावण ने माता जानकी का हरण किया था, लेकिन यहां तो करोड़ों लोगों की श्रद्धा को चोट पहुंचाई गई है। राम मंदिर के दान पात्र में लोगों ने विश्वास और भक्ति से चढ़ावा चढ़ाया था। अगर उसमें कोई गड़बड़ी करता है तो उसे सिर्फ सरकारी कार्रवाई ही नहीं, भगवान का दंड भी मिलेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में जांच जारी है और सच सामने आना जरूरी है। बाबा ने कहा, “हमें जानकारी मिली है कि FIR दर्ज हो चुकी है। जांच और आगे बढ़ेगी तो और भी तथ्य सामने आएंगे। जिसने भी गलत किया है, वह बच नहीं पाएगा।”

कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि भगवान राम के मंदिर से जुड़ी किसी भी तरह की अनियमितता पूरे सनातन समाज की भावनाओं को आहत करती है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि आस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद पुलिस और SIT ने मामले की जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच रिपोर्ट के आधार पर कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और मामले की जांच लगातार जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close