झारखंड में 262 अभ्यर्थियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र, CM हेमंत सोरेन करेंगे वितरण; 151 विशेषज्ञ डॉक्टर भी होंगे शामिल

झारखंड सरकार युवाओं को रोजगार देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को 151 विशेषज्ञ चिकित्सकों समेत कुल 262 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसके लिए रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में सुबह 11 बजे नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में 151 विशेषज्ञ चिकित्सकों के अलावा 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, 29 वरीय अस्पताल प्रबंधक और 26 वित्त प्रबंधक शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की नियुक्ति झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के माध्यम से की गई है। लंबे समय से रिक्त पड़े इन पदों पर नियमित नियुक्ति होने के बाद राज्य में खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता संबंधी मामलों पर प्रभावी निगरानी की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत अनुबंध के आधार पर की गई है। चयनित चिकित्सकों को उनकी प्राथमिकता और उपलब्ध विकल्पों के अनुसार विभिन्न जिलों में पदस्थापित भी कर दिया गया है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद वे अपने-अपने कार्यस्थलों पर योगदान देंगे।
सरकारी जानकारी के अनुसार, इन विशेषज्ञ चिकित्सकों को उनकी निर्धारित मानदेय दर के अनुसार भुगतान किया जाएगा, जो अधिकतम तीन लाख रुपये प्रतिमाह तक हो सकता है। वहीं वरीय अस्पताल प्रबंधक और वित्त प्रबंधक पदों पर नियुक्त अभ्यर्थियों को भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के नियमों के तहत निर्धारित मानदेय दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के तहत अस्पताल प्रबंधक और आईटी एग्जीक्यूटिव के पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। अस्पताल प्रबंधक के पदों के लिए साक्षात्कार अब 25 जून को आयोजित किए जाएंगे। पहले यह प्रक्रिया 24 जून को प्रस्तावित थी, लेकिन नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के कारण इसकी तिथि एक दिन आगे बढ़ा दी गई है। सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और स्वास्थ्य ढांचे में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।







