Main Slideप्रदेश

सांवलिया सेठ के दरबार में आस्था की बरसात, जून में चढ़ा 40.81 करोड़ रुपये का चढ़ावा; सोना-चांदी भी भरपूर मिला

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री सांवलिया सेठ मंदिर में जून माह के भंडार की गणना पूरी हो गई है। हर महीने की तरह इस बार भी मंदिर मंडल की मौजूदगी में भंडार खोला गया और प्राप्त नकदी, सोना-चांदी सहित अन्य चढ़ावे की सार्वजनिक रूप से गणना की गई।

मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि जून माह के भंडार की गणना सात चरणों में संपन्न हुई। इस दौरान मंदिर को कुल 40 करोड़ 81 लाख 40 हजार 278 रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ। इसमें भंडार पेटियों से 33 करोड़ 15 लाख 18 हजार 759 रुपये तथा ऑनलाइन दान और भेंट कक्ष से 7 करोड़ 66 लाख 21 हजार 519 रुपये प्राप्त हुए।

नकदी के अलावा श्रद्धालुओं ने बड़ी मात्रा में सोना और चांदी भी अर्पित की। गणना के दौरान 1 किलो 738 ग्राम 800 मिलीग्राम सोना और 110 किलो 648 ग्राम चांदी प्राप्त हुई। मंदिर प्रशासन के अनुसार, पिछले वर्ष जून माह की तुलना में इस बार चढ़ावे में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में जून माह की गणना के दौरान मंदिर को 29 करोड़ 53 लाख 22 हजार 415 रुपये प्राप्त हुए थे, जबकि इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 40.81 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया। इस तरह चढ़ावे में 11 करोड़ 28 लाख 17 हजार 863 रुपये की वृद्धि हुई है।

मंदिर मंडल का मानना है कि चढ़ावे में हुई यह बढ़ोतरी श्रद्धालुओं की श्री सांवलिया सेठ के प्रति बढ़ती आस्था और विश्वास का प्रतीक है। देशभर से बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंच रहे हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार दान अर्पित कर रहे हैं। भंडार गणना के दौरान मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश चंद्र धाकड़, मंडल सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि तथा मंदिर के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close