Main Slideराष्ट्रीय

CM मोहन यादव पर लगे आरोपों पर BJP का पलटवार, बोली- कांग्रेस फैला रही भ्रम, जमीन संबंधी सभी दावे गलत

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को भारतीय जनता पार्टी ने सिरे से खारिज कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने और राजनीतिक षड्यंत्र रचने का प्रयास कर रही है, जबकि आरोपों में कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं और उनकी लोकप्रियता से घबराकर कांग्रेस इस तरह के आरोप लगा रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री की संपत्तियों को लेकर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, वर्ष 2023 में नामांकन दाखिल करते समय डॉ. मोहन यादव के नाम 17 एकड़ जमीन दर्ज थी और वर्ष 2026 तक इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसी प्रकार उनकी पत्नी सीमा यादव के नाम दर्ज 12.29 एकड़ भूमि में भी कोई परिवर्तन नहीं आया है।

खंडेलवाल ने बताया कि जिन आरोपों में सिद्धि विनायक कंपनी का उल्लेख किया गया है, उसके पास वर्ष 2023 में 68 एकड़ भूमि थी, जो बाद में घटकर 65 एकड़ रह गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉ. मोहन यादव वर्ष 2017 में ही कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे चुके थे और उनका कंपनी के वर्तमान संचालन से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के पुत्र वैभव यादव के पास वर्ष 2023 से पहले जो 16 एकड़ भूमि थी, उसमें भी मुख्यमंत्री बनने के बाद कोई बदलाव नहीं हुआ। वहीं, बहू शालिनी यादव द्वारा खरीदी गई 10 एकड़ कृषि भूमि मास्टर प्लान क्षेत्र के बाहर स्थित है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों को लेकर भी भ्रामक जानकारी प्रस्तुत की है। उन्होंने कहा कि संबंधित रिश्तेदारों का अपना स्वतंत्र अस्तित्व है और मुख्यमंत्री या उनके परिवार का उनके निजी मामलों से कोई लेना-देना नहीं है। यदि उनके खिलाफ गलत तथ्य पेश किए गए हैं तो वे स्वयं इस पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे और आवश्यक कानूनी कदम भी उठा सकते हैं।

हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर पिछड़े वर्ग के नेतृत्व को स्वीकार न करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जब-जब मध्य प्रदेश में पिछड़े वर्ग से मुख्यमंत्री बने हैं, तब-तब कांग्रेस ने उन्हें निशाना बनाने का प्रयास किया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार ऐसे नेताओं को कमजोर करने की कोशिश करती रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव किसानों, उद्योगों और बुनियादी विकास से जुड़े मुद्दों पर तेजी से काम कर रहे हैं। कांग्रेस विकास के मुद्दों पर मुकाबला नहीं कर पा रही है, इसलिए वह निराधार आरोपों के जरिए राजनीतिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। भाजपा ने कांग्रेस के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ऐसे राजनीतिक षड्यंत्रों को स्वीकार नहीं करेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close