‘कॉकटेल 2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, तीसरे दिन कमाए 17.75 करोड़; 100 करोड़ क्लब की ओर तेज़ी से बढ़ी फिल्म

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर रोमांटिक ड्रामा ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है। 19 जून को रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन इसका असर कमाई पर दिखाई नहीं दे रहा। रिलीज के पहले वीकेंड में फिल्म ने मजबूत पकड़ बनाते हुए 50 करोड़ रुपये के करीब का घरेलू नेट कलेक्शन हासिल कर लिया है। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, ‘कॉकटेल 2’ ने रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को 17.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 47.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि भारत में ग्रॉस कलेक्शन 57 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। दुनियाभर में ‘कॉकटेल 2’ का कुल ग्रॉस कलेक्शन 76.26 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। अब इंडस्ट्री की नजर फिल्म के सोमवार के कलेक्शन पर टिकी है, जो इसके लंबे बॉक्स ऑफिस सफर की दिशा तय कर सकता है।फिल्म ने पहले दिन 13.50 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। दूसरे दिन कमाई में बढ़ोतरी दर्ज करते हुए इसने 16.25 करोड़ रुपये जुटाए। तीसरे दिन आए उछाल ने यह संकेत दे दिया है कि फिल्म जल्द ही 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो सकती है।
‘कॉकटेल 2’ साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘कॉकटेल’ की स्पिरिचुअल सीक्वल है। पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में थे, जबकि नए संस्करण में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन लीड रोल निभा रहे हैं। लंदन और केप टाउन की खूबसूरत लोकेशनों पर फिल्माई गई यह फिल्म एक रोमांटिक लव ट्रायंगल पर आधारित है। कहानी कुणाल, दीया और एली के इर्द-गिर्द घूमती है। कुणाल और दीया लंबे समय से रिश्ते में हैं, लेकिन शादी को लेकर उनके बीच असमंजस बना हुआ है। इसी दौरान उनकी जिंदगी में एली की एंट्री होती है, जिसके बाद तीनों के रिश्तों में कई भावनात्मक और अप्रत्याशित मोड़ आते हैं। यही घटनाक्रम फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाता है।







