Main Slideउत्तराखंडप्रदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बनबसा में होगा भव्य आयोजन, सीएम धामी करेंगे योग और युवाओं से संवाद

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को चंपावत जिले के बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस विशेष आयोजन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और आमजन के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को टनकपुर पावर स्टेशन सभागार, बनबसा में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं राज्य योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष विनय रूहेला ने की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

विनय रूहेला ने कहा कि यह आयोजन जनपद और प्रदेश दोनों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। बैठक के दौरान अपर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, बिजली, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाएं, आपदा प्रबंधन, मंच और साउंड सिस्टम, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा स्वयंसेवकों की तैनाती सहित सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं। साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और यातायात संचालन सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। अपर सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और यह आयोजन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

विराट युवा सम्मेलन में भी शामिल होंगे मुख्यमंत्री

योग कार्यक्रम के अलावा शनिवार को टनकपुर स्थित मिलन वाटिका में विशाल फाउंडेशन की ओर से विराट युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के दौरान युवा और छात्र मुख्यमंत्री के साथ संवाद करेंगे। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close