Main Slideप्रदेश

टैक्सी चलाकर गुजर-बसर करने वाला कल्याण चंद बना करोड़पति, 500 रुपये की टिकट ने दिलाए 3 करोड़

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक साधारण टैक्सी चालक की किस्मत ऐसी चमकी कि वह रातोंरात करोड़पति बन गया। फतेहपुर तहसील निवासी कल्याण चंद ने 3 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतकर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गए हैं।

करीब 20 वर्षों से टैक्सी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले कल्याण चंद की जिंदगी संघर्षों से भरी रही है। सीमित आय और बढ़ती जिम्मेदारियों के कारण उन्हें कई बार अतिरिक्त कमाई के लिए दिहाड़ी मजदूरी भी करनी पड़ती थी। उनकी मासिक आय मुश्किल से 15 से 16 हजार रुपये तक पहुंच पाती थी।

हाल ही में वह एक सवारी को छोड़ने के लिए पंजाब के बठिंडा गए थे। काम खत्म होने के बाद उन्होंने 500-500 रुपये की दो लॉटरी टिकटें खरीद लीं। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यही टिकटें उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशखबरी लेकर आएंगी।

13 जून को कल्याण चंद अपने मोबाइल पर लॉटरी का लाइव ड्रॉ देख रहे थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि इस बार भी किस्मत उनका साथ नहीं देगी, लेकिन जैसे-जैसे ड्रॉ के नंबर सामने आते गए, उनकी उम्मीद बढ़ती गई। जब टिकट का पूरा नंबर ड्रॉ के नंबर से मेल खा गया तो वह कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए। कल्याण चंद ने बताया कि उन्हें अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हुआ। खुशी से भावुक होकर उन्होंने सबसे पहले अपनी पत्नी को फोन कर यह खबर दी। लॉटरी जीतने की जानकारी मिलते ही परिवार में जश्न का माहौल बन गया।

3 करोड़ रुपये की इस बड़ी जीत ने कल्याण चंद और उनके परिवार के भविष्य को नई दिशा दे दी है। संघर्ष भरी जिंदगी से सफलता तक का उनका सफर अब लोगों के लिए प्रेरणा बन गया है। उनकी कहानी इस बात का उदाहरण है कि मेहनत और धैर्य के साथ कभी-कभी किस्मत भी ऐसा साथ देती है, जो सपनों को हकीकत में बदल देता है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close