लुधियाना की फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव, पिता-पुत्र समेत तीन मजदूरों की मौत

पंजाब के लुधियाना जिले में एक फैक्ट्री में जहरीली गैस रिसाव की दर्दनाक घटना सामने आई है। गैस की चपेट में आने से कई मजदूर बेहोश हो गए, जिनमें से तीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में एक पिता और उनका बेटा भी शामिल हैं। यह हादसा लुधियाना के गैसपुरा इलाके स्थित गगन नगर की एक टूल निर्माण फैक्ट्री में रविवार देर रात हुआ। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में काम के दौरान अचानक जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे वहां मौजूद मजदूर प्रभावित हो गए। गैस के प्रभाव से करीब 7 से 8 मजदूर बेहोश हो गए थे।
अस्पताल में भर्ती कराने के बाद हुई मौत
घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने सभी प्रभावित मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि सोमवार सुबह इलाज के दौरान तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गैसपुरा निवासी मान सिंह और उनके पुत्र अमित के रूप में हुई है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
परिजनों को नहीं दी गई थी सूचना
मृतक मान सिंह की बेटी रेनू ने आरोप लगाया कि उनके पिता को देर रात फैक्ट्री में काम के लिए बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि गैस रिसाव के बाद फैक्ट्री संचालक घायलों को अस्पताल तो ले गए, लेकिन परिवार के किसी सदस्य को घटना की जानकारी नहीं दी गई। रेनू के मुताबिक, जब उनके पिता सुबह तक घर नहीं लौटे तो परिवार के लोग फैक्ट्री पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि गैस रिसाव की घटना हुई है और कुछ मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें अपने पिता और भाई की मौत की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि गैस रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रभावित मजदूरों का उपचार जारी है और प्रशासन फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच कर रहा है।







