Main Slideराष्ट्रीय

RCB की जीत का जश्न पड़ा भारी, आंध्र प्रदेश में समर्थकों ने बस पर किया पथराव

आईपीएल फाइनल में RCB की जीत के बाद जहां देशभर में समर्थकों ने उत्साह के साथ जश्न मनाया, वहीं आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में यह जश्न हंगामे में बदल गया। जीत के जोश में कुछ समर्थकों ने सड़क पर उत्पात मचाते हुए ट्रैफिक बाधित कर दिया और एक निजी बस पर पथराव कर दिया।

जानकारी के अनुसार, फाइनल मुकाबला समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में RCB समर्थक झंडे और बैनर लेकर सड़कों पर उतर आए। राजू विहार सेंटर क्षेत्र में कुछ युवाओं ने सड़क पर ट्रैफिक रोककर नारेबाजी की, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। इस दौरान वहां से गुजर रही एक निजी बस को भी रोक लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोगों ने बस पर पत्थर फेंके, जिससे उसकी खिड़कियां और सामने के शीशे टूट गए। घटना के समय बस में यात्री मौजूद थे, जो अचानक हुए हमले से घबरा गए। पथराव के कारण बस को काफी नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया और यातायात सामान्य कराया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जश्न मनाना सभी का अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने या सरकारी एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुरनूल के सर्कल इंस्पेक्टर ने बताया कि बस में तोड़फोड़ और पथराव करने वालों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जाएगी तथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close