Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

फिरोजाबाद में डेढ़ साल के मासूम की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विराज उर्फ जितेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब मासूम की हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। वीडियो में आरोपी बच्चे को सड़क पर पटकता हुआ दिखाई दिया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए दावा किया कि उसका बच्चे की मां के साथ प्रेम संबंध था। उसके अनुसार दोनों के बीच विवाद चल रहा था और इसी कारण उसने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस इन दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।

मृतक बच्चे की मां ने आरोप लगाया है कि आरोपी उस पर शादी का दबाव बना रहा था और बच्चे को अपने रास्ते की बाधा मानता था। घटना वाले दिन वह रिश्तेदारी में आई हुई थी, तभी आरोपी टॉफी दिलाने के बहाने बच्चे को अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद उसने बच्चे को सड़क पर पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी शिकोहाबाद क्षेत्र में किराने की दुकान संचालित करता है। मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रविशंकर प्रसाद ने बताया कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close