Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

गाजियाबाद में किशोर सूर्या चौहान की हत्या पर मायावती ने जताया दुख, सरकार से की कड़ी कार्रवाई की मांग

गाजियाबाद। गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर सूर्या चौहान की हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की है।

बकरीद के दिन हुआ था हमला

जानकारी के अनुसार, बकरीद के दिन कुछ युवकों ने सूर्या चौहान पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मायावती ने सरकार को किया आगाह

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गाजियाबाद के खोड़ा में युवा सूर्या चौहान की हत्या बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए शासन और प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। साथ ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, इस प्रकार की घटनाओं के व्यापक और गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। इसलिए सरकार को पूरी तरह सतर्क रहने की आवश्यकता है।

पुलिस ने दी मामले की जानकारी

गाजियाबाद के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव के मुताबिक, 28 मई को दोपहर करीब 3:30 बजे खोड़ा थाना क्षेत्र में एक किशोर के चाकू लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 29 मई को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं।

तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी और उसके परिवार के कुछ सदस्य अभी भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close