Main Slideमनोरंजन

डॉन 3 विवाद में रणवीर सिंह के समर्थन में उतरे राम गोपाल वर्मा, FWICE की भूमिका पर उठाए सवाल

मुंबई: अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्म डॉन 3 को लेकर चल रहे विवाद के बीच फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा खुलकर उनके समर्थन में सामने आए हैं। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) द्वारा रणवीर सिंह के खिलाफ जारी नॉन-कोऑपरेशन नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए वर्मा ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट साझा किया और फेडरेशन की भूमिका तथा उसकी प्रासंगिकता पर सवाल खड़े किए।

“रणवीर पर नहीं, FWICE पर लगना चाहिए प्रतिबंध”

राम गोपाल वर्मा ने अपने पोस्ट में लिखा कि रणवीर सिंह पर लगाया गया प्रतिबंध एक मजाक बनकर रह जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम न तो फिल्म इंडस्ट्री और न ही श्रमिकों के हितों की रक्षा करता है, बल्कि एक पुराने यूनियन सिस्टम द्वारा अपनी ताकत दिखाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि लाखों श्रमिकों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले संगठन के अधिकांश सदस्यों को विवाद की वास्तविक परिस्थितियों की जानकारी तक नहीं होती।

 “FWICE अदालत नहीं, एक कंगारू कोर्ट की तरह”

वर्मा ने आगे कहा कि FWICE न तो कोई अदालत है और न ही सरकार द्वारा अधिकृत नियामक संस्था। उनके अनुसार, किसी निजी संविदात्मक विवाद में इस तरह का हस्तक्षेप उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यह मामला दो पक्षों के बीच का निजी विवाद है, जिसका समाधान कानूनी प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। यदि किसी पक्ष को आपत्ति है तो अदालत में जाकर न्याय प्राप्त किया जा सकता है।

 “सितारों से चलती है इंडस्ट्री”

राम गोपाल वर्मा ने कहा कि रणवीर सिंह जैसे सितारे ही थिएटरों में दर्शक लाते हैं और फिल्म इंडस्ट्री में हजारों-लाखों लोगों को रोजगार मिलता है। उन्होंने तर्क दिया कि फिल्म उद्योग की आर्थिक गतिविधियां बड़े सितारों की लोकप्रियता से संचालित होती हैं। उन्होंने सभी पक्षों को सलाह देते हुए कहा कि दो पक्षों के बीच के निजी विवाद में अनावश्यक हस्तक्षेप से बचना चाहिए।

संजय गुप्ता ने भी किया समर्थन

फिल्म निर्देशक संजय गुप्ता ने भी रणवीर सिंह के समर्थन में आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि जब कोई बड़ा अभिनेता किसी फिल्म में काम करता है तो उसके साथ सैकड़ों तकनीशियन और श्रमिक जुड़े होते हैं। ऐसे में किसी अभिनेता पर प्रतिबंध लगाने का असर केवल उस कलाकार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उससे जुड़े कई लोगों के रोजगार पर भी पड़ता है।

 मीका सिंह बोले- “हम सब भाई हैं”

गायक मीका सिंह ने भी रणवीर सिंह का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वह FWICE के पदाधिकारियों को अच्छी तरह जानते हैं और इस मामले में उनसे बातचीत करेंगे। मीका ने कहा, “रणवीर बेहद जमीन से जुड़े इंसान हैं। मैं फेडरेशन से मिलकर इस मुद्दे पर बात करूंगा। आखिर हम सब एक ही इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2019 में मीका सिंह भी FWICE के अस्थायी प्रतिबंध का सामना कर चुके हैं।

 पूनम ढिल्लों ने जताई नाराजगी

अभिनेत्री पूनम ढिल्लों ने भी पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कलाकारों के संगठन को इस मामले में विश्वास में नहीं लिया गया। उनके अनुसार, यदि संबंधित पक्ष संगठन के पास आते तो बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकालने की कोशिश की जा सकती थी। उन्होंने कहा कि कलाकार संगठनों का उद्देश्य ऐसे ही विवादों को सुलझाना और कलाकारों तथा निर्माताओं के बीच संवाद बनाए रखना है।

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह के *डॉन 3* प्रोजेक्ट से अलग होने के बाद निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर ने FWICE से शिकायत की थी। इसके बाद फेडरेशन ने अभिनेता के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन नोटिस जारी किया। हालांकि इस मुद्दे पर अब फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम रणवीर सिंह के समर्थन में सामने आ रहे हैं और मामले को बातचीत के जरिए सुलझाने की मांग कर रहे हैं

 

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close