झारखंड में कांग्रेस-JMM के रिश्तों में आई दरार? हेमंत सोरेन को मनाने रांची पहुंचेंगे कांग्रेस के बड़े नेता

झारखंड की राजनीति में इन दिनों कांग्रेस और झामुमो के रिश्तों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कथित नाराजगी दूर करने और राज्यसभा चुनाव में एक सीट की दावेदारी को लेकर कांग्रेस ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू और तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क शुक्रवार को रांची पहुंचेंगे।
बताया जा रहा है कि दोनों नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए एक सीट की मांग रखेंगे। इस दौरान दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के नाम और गठबंधन प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है।
कांग्रेस तक पहुंच चुका है नाराजगी का संदेश
हाल के दिनों में झामुमो और कांग्रेस के बीच बढ़ती दूरी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व तक यह संदेश पहुंच चुका है कि किसी न किसी मुद्दे पर हेमंत सोरेन पार्टी से नाराज चल रहे हैं। हालांकि दोनों दल सार्वजनिक तौर पर नाराजगी से इनकार कर रहे हैं, लेकिन झामुमो की बढ़ती बेरुखी कांग्रेस के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
हेमंत सोरेन से करीबी निभाएंगे विक्रमार्क
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क और हेमंत सोरेन के बीच अच्छे संबंध हैं। यही वजह है कि कांग्रेस ने उन्हें भी इस बातचीत का हिस्सा बनाया है। पार्टी नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय भी विक्रमार्क ने ही तय कराया है। माना जा रहा है कि शुक्रवार को होने वाली यह बैठक गठबंधन की भविष्य की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम हो सकती है। कांग्रेस नेताओं की कोशिश होगी कि राज्यसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच बढ़ रही दूरियों को कम किया जाए।
बिहार और बंगाल चुनावों के बाद बढ़ीं दूरियां
सूत्रों का कहना है कि बिहार विधानसभा चुनाव, असम चुनाव और पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद कांग्रेस और झामुमो के बीच राजनीतिक मतभेद बढ़े हैं। अब कांग्रेस गठबंधन को मजबूत बनाए रखने के लिए झामुमो को मनाने में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस राज्यसभा की एक सीट पर दावा कर रही है। हालांकि इसके लिए पहले झामुमो की सहमति जरूरी होगी। इसके बाद कांग्रेस को सहयोगी दल राजद को भी मनाना पड़ सकता है।







