पद्म पुरस्कार समारोह में खेल सितारों का सम्मान, रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर को मिला पद्मश्री

राष्ट्रपति भवन में सोमवार, 25 मई को आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली कई हस्तियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खेल जगत के कई दिग्गज खिलाड़ियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया। इसके अलावा पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता पैरा हाई जंपर प्रवीण कुमार को भी पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया गया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने समारोह के पहले चरण में 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्मश्री पुरस्कार वितरित किए। खेल जगत से सम्मानित होने वालों में हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया भी शामिल रहीं। हरमनप्रीत कौर को उनके शानदार नेतृत्व और भारतीय महिला क्रिकेट में ऐतिहासिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट में उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन और उपलब्धियों के लिए पद्मश्री से नवाजा गया। उत्तर प्रदेश के गोविंदगढ़ निवासी पैरा हाई जंपर प्रवीण कुमार को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान मिला।
खेल जगत से सम्मानित खिलाड़ी
- पद्मश्री – बलदेव सिंह (लंबी कूद)
- पद्मश्री – हरमनप्रीत कौर (क्रिकेट)
- पद्मश्री – भगवानदास रैकवार (मार्शल आर्ट्स)
- पद्मश्री – के. पाजनिवेल (खेल क्षेत्र)
- पद्मश्री – रोहित शर्मा (क्रिकेट)
- पद्मश्री – सविता पूनिया (हॉकी)
- पद्मश्री – प्रवीण कुमार (पैरा हाई जंप)
- पद्मश्री – व्लादिमेर मेस्तविरिश्विली
- पद्म भूषण – विजय अमृतराज (लॉन टेनिस)







