पेट्रोल-डीजल महंगा होने पर बोले राहुल गांधी- अभी दिया 3 रु का झटका, बाकी वसूली आगे किस्तों में होगी

नई दिल्ली। देश में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। तेल कंपनियों ने शुक्रवार से पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी लागू कर दी है। नई दरों के मुताबिक पेट्रोल करीब 3.14 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3.11 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। वहीं सीएनजी की कीमतों में भी 2 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा किया गया है।
ईंधन की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से रोजमर्रा के सामानों की कीमतों में भी उछाल आ सकता है। इसी मुद्दे को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों का बोझ जनता पर डाला जा रहा है। उन्होंने तंज भरे अंदाज में लिखा कि अभी जनता को 3 रुपये का झटका दिया गया है, बाकी वसूली आगे किस्तों में की जाएगी।
वहीं कांग्रेस ने भी ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ना तय है और इसका असर आर्थिक गतिविधियों पर भी पड़ेगा। कांग्रेस का आरोप है कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब भी उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी गई। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि अब वैश्विक परिस्थितियों का हवाला देकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
तेल कंपनियों और सरकार की ओर से कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ईंधन कीमतों पर दबाव बना हुआ है। नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली में पेट्रोल का दाम 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। आने वाले दिनों में बढ़ती महंगाई को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।







