Main Slideराष्ट्रीय

सांसद यूसुफ पठान के रिश्तेदारों की गिरफ्तारी, मुंबई में मारपीट मामले में भेजे गए जेल

पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस सांसद यूसुफ पठानसे जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें उनके कुछ रिश्तेदारों को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मारपीट और तोड़फोड़ के आरोपों के तहत की गई है। घटना 18 अप्रैल की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक स्थानीय निवासी यूसुफ खान अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी एक पानी से भरे गड्ढे से गुजरी, जिससे पानी उछलकर शोएब खान पर गिर गया, जो यूसुफ पठान के साले हैं।बताया गया कि यूसुफ खान ने तुरंत गाड़ी रोककर माफी मांगी, लेकिन मामला बढ़ गया। आरोप है कि शोएब खान ने गाली-गलौज की और बांस के डंडे से कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

पीड़ित जब शिकायत के लिए जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी मुलाकात यूसुफ पठान के ससुर खालिद खान से हुई। उनके साथ उमरशाद खान, शोएब खान और एक अन्य आरोपी शहबाज पठान भी मौजूद थे। यहां फिर से विवाद बढ़ा और दोबारा मारपीट की घटना हुई। इस पूरे मामले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच झगड़ा और हाथापाई साफ नजर आ रही है।

मामले में कार्रवाई करते हुए मुंबई के बायकुला थाना पुलिस ने खालिद खान, उमरशाद खान और शोएब खान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शहबाज पठान अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट में पेशी के बाद सभी को 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close