मुंबई इंडियंस की जोरदार वापसी, गुजरात टाइटंस को 99 रनों से रौंदा

IPL 2026 में लगातार चार हार के बाद Mumbai Indians ने दमदार वापसी करते हुए Gujarat Titans को 99 रनों से हराकर सीजन की दूसरी जीत दर्ज की। यह हार गुजरात के आईपीएल इतिहास की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार साबित हुई। इससे पहले टीम को 2025 में Chennai Super Kings के खिलाफ 83 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
गुजरात के बल्लेबाज इस मैच में पूरी तरह फ्लॉप नजर आए और पूरी टीम महज 100 रनों पर सिमट गई। वहीं मुंबई ने 200 के करीब स्कोर को डिफेंड करने की अपनी मजबूत परंपरा को एक बार फिर कायम रखा।
200+ स्कोर डिफेंड करने में मुंबई का रिकॉर्ड शानदार
आईपीएल इतिहास में जब भी मुंबई इंडियंस ने 200 या उससे ज्यादा का लक्ष्य खड़ा किया है, उनका रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। अब तक ऐसे 20 मुकाबलों में मुंबई ने 19 में जीत हासिल की है और सिर्फ एक में हार झेली है। यह जीत रनों के अंतर से मुंबई की चौथी सबसे बड़ी जीत भी बन गई। साथ ही अहमदाबाद में गुजरात के खिलाफ पांच मैचों में यह उनकी पहली जीत रही।
मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी जीतें (रनों के अंतर से)
146 रन बनाम दिल्ली, 2017
102 रन बनाम कोलकाता, 2018
100 रन बनाम राजस्थान, 2025
99 रन बनाम गुजरात, 2026
98 रन बनाम दिल्ली, 2010
मैच का पूरा हाल
मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाए। इस पारी के हीरो रहे Tilak Varma, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में नाबाद 101 रन ठोके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और पूरी टीम 100 रन पर ऑलआउट हो गई। मुंबई की गेंदबाजी में Ashwini Kumar ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। गौरतलब है कि आईपीएल इतिहास में यह पांचवीं बार है जब गुजरात टाइटंस की टीम ऑलआउट हुई है, जो टीम के लिए एक और निराशाजनक आंकड़ा बन गया।







