सहारनपुर में पटाखा फैक्ट्री धमाका, 5 श्रमिकों की मौत

सहारनपुर। सहारनपुर के देवबंद में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हुआ है। धमाका इतना तेज था किपूरी बिल्डिंग ध्वस्त हो गई। फैक्ट्री में 9 कर्मचारी काम कर रहे थे। धमाके की वजह से 4 से 5 कर्मचारियों के चिथड़े उड़ गए। इस धमाके में अभी तक 5 कर्मचारियों की मौत की पुष्टि हुई है। हलाकि अभी तक प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि इसकी गूंज 2 किलोमीटर तक सुनाई दी। इस धमाके में कर्मचारियों के शरीर के अंग 200 मीटर तक उड़कर गिरे। कुछ लोगों के हाथ और पैर बिखरे देखे गए। फिलहाल राहत और बचाव कार्य चल रहा है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
हादसे से गुस्साए परिजनों ने देवबंद-नहटौर हाईवे को जाम कर दिया है। सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए हैं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि यह फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित हो रही थी और कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई।