पहले आतंकियों के मुकदमे वापस लिए जाते थे, हमने बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए एंटी स्क्वाड बनाया: योगी आदित्यनाथ

शाहजहांपुर। बदलते भारत को आप देख रहे हैं। जब दुश्मन आंख दिखाता था तो पिछली सरकारें बोलती थी कि कुछ न बोलो दुश्मन देश नाराज हो जाएगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भारत उस आंख को उनकी हथेली पर रखने का काम कर रहा है। ऐसा नया देश और उत्तर प्रदेश आपके सामने है। ये बातें 269 करोड़ की 131 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने शाहजहापुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं।
मुख्यमत्री ने पिछली सरकारों को कानून व्यवस्था पर घेरते हुए कहा कि पिछली सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि पर हमला करने वाले आतंकियों के मुकदमों को वापस लिया, लेकिन हमने सबसे पहले बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड बनाया। अवैध बूचड़खाना बंद करके गोवंश को सुरक्षा देने का काम किया। जब सोच अच्छी होती है तो काम दमदार होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले कोई पर्व और त्योहार शांतिपूर्वक नहीं मना सकते थे। पर्व आते थे तो दंगे शुरू हो जाते थे। अब पर्व और त्योहार शांति से हो रहे हैं। साढ़े चार वर्ष में प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर कोई रियायत नहीं मिलेगी। नुकसान की भरपाई करते-करते दंगाइयों की पीढ़ियां खत्म हो जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा, कांग्रेस बसपा के लिए प्रदेश नहीं अपना परिवार ही सब कुछ है। लेकिन हमारी सरकार के लिए जनता का कार्य करना ही महत्वपूर्ण है। 2017 के बाद से किसानों की फसल को सीधे क्रय किया जा रहा है। एक लाख 47 करोड़ रुपये गन्ने किसानों को भेजी जा चुके हैं। इस बार ज्यादा धान क्रय केंद्र बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने बेहतर कानून व्यवस्था दी है, जिससे यहां पर निवेश का माहौल बना है। स्वच्छ भारत मिशन में प्रदेश नंबर एक हो गया। पहले सैफई में नाच गाना होता था, आज अयोध्या में दीपोत्सव हो रहा है। लोगों को गौरव का बोध होता है। आज माफिया की सम्पत्तियों पर बुलडोजर चलता है। माफिया सड़क पर तख्ती लटकाकर अपनी जान की भीख मांग रहे हैं।