Main Slideराष्ट्रीय

सुरक्षाबलों ने लश्कर के दो आतंकियों को किया ढेर, आखिरी कमांडर लतीफ भट भी मारा गया

जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में सोमवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर हो गए। मारे गए दोनों आतंकी प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बताए जा रहे हैं। इनमें मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल है, जिसे इलाके में लश्कर के सक्रिय कमांडरों में प्रमुख माना जाता था।

जानकारी के मुताबिक, आतंकियों की मौजूदगी से जुड़े इनपुट मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने कुलगाम के लारू इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया था। रविवार देर रात शुरू हुए इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली। इसी दौरान आतंकियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। कश्मीर जोन पुलिस ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुठभेड़ की जानकारी साझा की थी। पुलिस के मुताबिक, इलाके में आतंकियों के साथ गोलीबारी जारी थी और जम्मू-कश्मीर पुलिस समेत सुरक्षाबलों की टीमें मौके पर तैनात थीं।

CRPF चौकी पर हमले के बाद तेज हुआ था तलाशी अभियान

दरअसल, कुलगाम के अखरान इलाके में 11 नवंबर को CRPF की एक चौकी को निशाना बनाकर हमला किया गया था। इस घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के तीन जवान घायल हो गए थे। हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में आतंकियों की तलाश तेज कर दी थी। इस हमले के पीछे लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का नाम सामने आया था। इसके बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश में जुटे हुए थे। लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान आखिरकार सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली और मुठभेड़ में लतीफ भट समेत दो आतंकियों को मार गिराया गया।

कौन था मोहम्मद लतीफ भट?

मोहम्मद लतीफ भट दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के खेरवान इलाके का रहने वाला था। उसे लश्कर-ए-तैयबा के बचे हुए सक्रिय कमांडरों में से एक बताया जा रहा था। सुरक्षा एजेंसियों की नजर लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर थी। लतीफ भट का नाम द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से भी जुड़ता रहा है। TRF को लश्कर-ए-तैयबा से संबद्ध संगठन माना जाता है। सुरक्षाबलों के लिए उसकी मौत को दक्षिण कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक अहम कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान जारी रखा गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close