दिल्ली-NCR में प्रदूषण का असर, कक्षा 5 तक के स्कूलों में हाइब्रिड मोड से होगी पढ़ाई नेशनल 07/11/2026 byBRIJESH Singh

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच स्कूली बच्चों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है. क्षेत्र के कई जिलों में कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई अगली सूचना तक हाइब्रिड मोड में कराने का निर्देश दिया गया है. इसके तहत बच्चों को स्कूल जाकर पढ़ने या ऑनलाइन कक्षाओं के जरिए पढ़ाई करने का विकल्प मिलेगा. अभिभावक अपनी सुविधा के अनुसार बच्चों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई चुन सकेंगे.
दिल्ली समेत इन शहरों में लागू होगा आदेश
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने वीडियो संदेश जारी कर इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत के स्कूलों में लागू होगी. नई व्यवस्था के तहत स्कूलों को उपलब्ध संसाधनों के आधार पर ऑफलाइन और ऑनलाइन, दोनों माध्यमों से पढ़ाई कराने की सुविधा रखनी होगी. अभिभावकों को भी यह तय करने की छूट दी गई है कि उनका बच्चा स्कूल जाकर कक्षा में पढ़ेगा या घर से ऑनलाइन पढ़ाई करेगा.
GRAP-3 लागू होने के बाद लिया गया फैसला
दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब होने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने शुक्रवार, 6 नवंबर को ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण यानी स्टेज-3 को लागू कर दिया. प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 382 दर्ज किया गया. यह स्तर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है और गंभीर श्रेणी के करीब है. प्रदूषण बढ़ने के साथ ही लोगों को सांस संबंधी परेशानियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है.
हवा की रफ्तार कम होने से बढ़ सकती है परेशानी
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने लोगों से प्रदूषण कम करने के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने चेतावनी दी कि शनिवार से हवा की गति कम होने की संभावना है. ऐसे में प्रदूषण फैलाने वाले कण वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं और वायु गुणवत्ता में और गिरावट आ सकती है.







