ओमान के तट पर भारतीय जहाज पर हमला, एक नाविक की मौत से मचा हड़कंप, MEA ने की तनाव कम करने की मांग

नई दिल्ली: ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 13 अन्य भारतीय क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना के बाद भारत सरकार ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और कूटनीतिक बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।
भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने मंगलवार को इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कमर्शियल जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की निंदा की। मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता कायम करने के लिए हिंसक गतिविधियों पर रोक लगाना और बातचीत के जरिए विवाद सुलझाना जरूरी है।
भारतीय जहाज पर कैसे हुआ हमला?
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को जानकारी दी कि भारतीय ध्वज वाला जहाज ‘MSV AL JUSUFI’ ओमान के तट के पास एक अज्ञात हवाई वस्तु की चपेट में आ गया। हादसे के समय जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे। मंत्री ने बताया कि इस घटना में गुजरात के रहने वाले नाविक गंधार नाहिम अजीज की जान चली गई। वहीं, बाकी 13 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ओमान के कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी 13 भारतीयों को बचाया।
MEA ने हमले की निंदा की, भारतीयों की सुरक्षित वापसी पर नजर
विदेश मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि सोमवार शाम ओमान के लिमाह इलाके के पास भारतीय जहाज पर हमला हुआ था। इस घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है, जबकि अन्य 13 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मंत्रालय के मुताबिक, ओमान स्थित भारतीय दूतावास लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और बचाए गए भारतीय नागरिकों की जल्द सुरक्षित वापसी के साथ-साथ मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर भारत की चिंता
MEA ने क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर लगातार हो रही घटनाओं को गंभीर चिंता का विषय बताया है। भारत ने एक बार फिर सभी संबंधित पक्षों से तनाव कम करने और कूटनीतिक बातचीत को आगे बढ़ाकर विवाद का समाधान निकालने की अपील की है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत समुद्री मार्गों पर जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और व्यापार की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके साथ ही कमर्शियल जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने वाली गतिविधियों को तत्काल रोकने की जरूरत बताई गई।
सर्बानंद सोनोवाल ने जताया दुख
इस घटना पर दुख जताते हुए केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि जहाज पर सवार 14 भारतीय नाविकों में से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया है। हालांकि, एक भारतीय नाविक की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने मृतक नाविक गंधार नाहिम अजीज के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस घटना ने एक बार फिर पश्चिम एशिया के समुद्री क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा संकट और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।







