Main Slideउत्तराखंडप्रदेशमनोरंजन

दलेर मेहंदी विवाद में मीका सिंह की एंट्री, बोले- पहले मंत्री जी माफी मांगें, फिर उत्तराखंड में फ्री शो करूंगा

उत्तराखंड में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की एक स्टेज परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है. इस मामले में उनके भाई और सिंगर मीका सिंह भी खुलकर सामने आ गए हैं. मीका ने दलेर पर नशे में होने के आरोपों पर नाराजगी जताते हुए उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से माफी मांगने की मांग की है. उन्होंने यह भी कहा कि वह उत्तराखंड में मुफ्त में कार्यक्रम करने को तैयार हैं, लेकिन इससे पहले मंत्री को दलेर मेहंदी से माफी मांगनी चाहिए.

मीका सिंह ने उठाए आरोपों पर सवाल

मीका सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दलेर मेहंदी ने करीब डेढ़ घंटे तक प्रस्तुति दी थी और कार्यक्रम में मौजूद कई लोग उनके गानों पर डांस कर रहे थे. इसके बावजूद उनकी परफॉर्मेंस को लेकर शराब के सेवन के आरोप लगाए गए. मीका ने बीजेपी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विनय गोयल से इस मामले का वीडियो देखने की अपील भी की. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वीडियो में मंत्री सुबोध उनियाल शराब के नशे में दिखाई दें, तो क्या उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी? मीका ने कहा कि नियम और जवाबदेही सभी के लिए समान होनी चाहिए.

विनय गोयल बोले- धार्मिक आयोजन की गरिमा का सवाल

विवाद पर बीजेपी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विनय गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि वह दलेर मेहंदी के प्रशंसक हैं, लेकिन उन्होंने पहले कभी गायक को इस तरह की स्थिति में नहीं देखा था.

गोयल के मुताबिक, कार्यक्रम में पहले गायिका सुगंधा शर्मा को प्रस्तुति देनी थी, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उनके आने का कार्यक्रम रद्द हो गया. इसके बाद दलेर मेहंदी से संपर्क किया गया और उनकी प्रस्तुति तय हुई.

गोयल ने कहा कि यह कोई सामान्य आयोजन नहीं था, बल्कि नवरात्रि के दौरान मां कुंजापुरी के स्थान पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम था. ऐसे आयोजन में दिखाई देने वाले किसी भी अनुचित दृश्य से लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि यदि दलेर मेहंदी को लगता है कि उनसे कोई चूक हुई है, तो उन्हें इस बारे में माफी मांगनी चाहिए.

CM धामी ने मीका सिंह से की बात

विवाद के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने एक्स पर बताया कि उनकी मीका सिंह से फोन पर बातचीत हुई है. इस दौरान दलेर मेहंदी से जुड़े मामले पर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी गलतफहमी को बातचीत के जरिए दूर किया जाना चाहिए. उन्होंने उत्तराखंड की अतिथि देवो भव: परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में सभी कलाकारों का स्वागत और सम्मान है.

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close