Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

भगत सिंह जयंती पर योगी आदित्यनाथ ने लिखी ‘योगी की पाती’, युवाओं से कहा – किताबों को बनाएं अपना मित्र

लखनऊ: अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों और युवाओं के नाम ‘योगी की पाती’ लिखी। अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने भगत सिंह के जीवन, उनके बलिदान और अध्ययनशील व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए युवाओं से उनके विचारों से प्रेरणा लेने की अपील की।मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह ने महज 23 वर्ष की उम्र में देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उनकी जयंती युवाओं के लिए राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व और संकल्प को याद करने का अवसर है।

जाति और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील

योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में सामाजिक बुराइयों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज समाज को जाति-पाति, नशे और दूसरी कुरीतियों से मुक्ति की जरूरत है। ऐसे समय में भगत सिंह का साहस, राष्ट्र के प्रति समर्पण और दृढ़ संकल्प युवाओं को प्रेरणा दे सकता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से भगत सिंह के जीवन मूल्यों को अपनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का आह्वान किया।

भगत सिंह की पढ़ाई और भाषाओं के ज्ञान का किया जिक्र

‘योगी की पाती’ में मुख्यमंत्री ने भगत सिंह के अध्ययन के प्रति लगाव को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह सिर्फ क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि एक गंभीर अध्येता भी थे। योगी ने लिखा कि भगत सिंह को हिंदी, उर्दू, पंजाबी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं का ज्ञान था। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उनके जीवन से युवाओं को यह सीख मिलती है कि ज्ञान को अपनी ताकत बनाया जाए और सीखने की इच्छा हमेशा कायम रखी जाए।

युवाओं के लिए सरकारी योजनाओं का भी उल्लेख

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में युवाओं से जुड़े सरकार के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब शिक्षा और ज्ञान को कौशल से जोड़ा जाता है तो युवा अपनी प्रतिभा को नए अवसरों में बदल सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके जरिए युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क सहायता दी जा रही है। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की स्टार्टअप नीति का भी जिक्र किया और कहा कि इसके जरिए युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

हर जिले में आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी

योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से प्रदेश में उपलब्ध शैक्षणिक और ज्ञान संसाधनों का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन सुविधाओं का उद्देश्य युवाओं को किताबों और डिजिटल संसाधनों के जरिए ज्ञान तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है।

‘किताबों को अपना दोस्त बनाएं युवा’

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नियमित रूप से पढ़ने और नई चीजें सीखने की आदत विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को किताबों को अपना मित्र बनाना चाहिए और अपनी जिज्ञासा को हमेशा जीवित रखना चाहिए। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि किसी किताब से मिलने वाला एक नया विचार व्यक्ति की सोच बदल सकता है और यही विचार आगे चलकर समाज में भी बदलाव की वजह बन सकता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से ज्ञान, कौशल और संकल्प को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close