उत्तराखंड में 10वीं-12वीं के छात्रों को टैब खरीदने के लिए मिलेगी रकम, CM धामी ने किया ऐलान

उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए बड़ी घोषणा हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि इन कक्षाओं के छात्रों को टैबलेट खरीदने के लिए सरकार सीधे उनके बैंक खातों में धनराशि भेजेगी। यह रकम प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी DBT के जरिए ट्रांसफर की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के दौरान की। कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से चयनित 140 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और मुख्यमंत्री के साथ विकसित उत्तराखंड को लेकर अपने विचार साझा किए।
छात्रा की बात पर CM धामी ने किया ऐलान
कार्यक्रम के दौरान हरिद्वार के कौशिक पब्लिक स्कूल की छात्रा लवप्रीत कौर ने ऑनलाइन पढ़ाई का जिक्र करते हुए छात्रों के सामने आने वाली आर्थिक दिक्कतों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि कई परिवारों की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे बच्चों के लिए लैपटॉप, मोबाइल फोन या टैबलेट खरीद सकें। छात्रा की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम में ही कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब खरीदने के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर दी। सरकार यह राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजेगी।
2.67 लाख से ज्यादा छात्रों ने दिए सुझाव
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन अभियान के दौरान प्रदेशभर के 2 लाख 67 हजार 744 विद्यार्थियों ने निबंध, विचार और सुझाव साझा किए। छात्रों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, पर्यावरण, खेल, पलायन, स्वरोजगार, स्टार्टअप और ग्रामीण रोजगार जैसे मुद्दों पर अपने विचार सरकार तक पहुंचाए।
धामी ने कहा कि विद्यार्थियों के उपयोगी और व्यवहारिक सुझावों को सरकारी योजनाओं और नीति निर्माण में शामिल करने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच, ऊर्जा और नए प्रयोग राज्य के विकास को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
AI और रोबोटिक्स से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलती तकनीक के दौर में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, डिजिटल तकनीक और मांग के अनुरूप कौशल से जोड़ना जरूरी है। सरकार का लक्ष्य केवल युवाओं को नौकरी के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला बनाने पर भी है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को विस्तार देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
इन विद्यार्थियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में अलग-अलग विषयों पर बेहतर विचार और सुझाव देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। विभिन्न श्रेणियों में चुने गए विद्यार्थियों में शिक्षा एवं युवा अवसर के लिए मयूह भंडारी और रवीना, पर्यावरण के लिए शेरोन कपूर, स्वास्थ्य के लिए सतीश कुमार, पलायन एवं रोजगार के लिए माही बलाई, सड़क एवं आधारभूत ढांचे के लिए श्रितिका रावत, प्रौद्योगिकी एवं सुशासन के लिए प्रियांशु सजवाण, पर्यटन के लिए दृष्टि चौहान और महिला एवं बाल कल्याण के लिए अनुष्का नेगी शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों की भागीदारी यह बताती है कि युवा उत्तराखंड के भविष्य को लेकर गंभीरता से सोच रहे हैं।







