हिंदी हमारी सभ्यता और भारतीयता की पहचान, सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को दी हिंदी दिवस की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिंदी दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हिंदी को देश की सांस्कृतिक विरासत, सभ्यता और भारतीय पहचान का अभिन्न हिस्सा बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी महज बातचीत का जरिया नहीं, बल्कि देश की भावनाओं और विविधता को एक सूत्र में पिरोने वाली भाषा है।
देश की एकता और अखंडता को मजबूत करती है हिंदी
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि हिंदी ने भारतीय समाज को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह भाषा देश की एकता और अखंडता को मजबूती देने के साथ ही ‘विविधता में एकता’ की भावना को भी सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि हिंदी के माध्यम से समाज में जागरूकता और सामाजिक चेतना का प्रसार हुआ है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी हिंदी ने देशवासियों को एकजुट करने और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने में अहम योगदान दिया।
हिंदी के संरक्षण और प्रोत्साहन पर सरकार का जोर
सीएम धामी ने बताया कि उत्तराखंड सरकार हिंदी भाषा के संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाषा को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर विभिन्न पहल की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में हिंदी का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि हिंदी के प्रति सम्मान और उसके नियमित प्रयोग से भाषा की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाया जा सकता है।



