Bigg Boss 20: पहले वीकेंड का वार में सलमान खान का कंटेस्टेंट्स को रियलिटी चेक, अमन-आसिफ की भिड़ंत ने बढ़ाया पारा

मुंबई: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का पहला वीकेंड का वार ड्रामा, मस्ती और तीखी बहस से भरपूर रहा। शो के होस्ट सलमान खान ने जहां कंटेस्टेंट्स के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत की, वहीं कई सदस्यों को उनके खेल को लेकर आईना भी दिखाया। एपिसोड में काजी की तारीफ से लेकर अमन गांधी और आसिफ खान की बहस तक, कई ऐसे पल देखने को मिले जिन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा। वीकेंड का वार की शुरुआत में सलमान खान ने घर के अंदर पूरे सप्ताह हुई घटनाओं पर नजर डाली। माहौल को मजेदार बनाने के लिए उन्होंने काजी की जमकर तारीफ की और उन्हें ‘रॉकस्टार’ कहकर संबोधित किया। सलमान ने काजी से घर के बाकी सदस्यों को उनका खास डांस स्टेप सिखाने के लिए भी कहा। इस दौरान ‘यंग डीएसए’ को काजी के स्टेप का सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला कंटेस्टेंट बताया गया।
अमन गांधी और आसिफ खान के बीच बढ़ी तकरार
एपिसोड में अमन गांधी और आसिफ खान के बीच विवाद ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। बातचीत के दौरान दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि एक-दूसरे पर तीखी टिप्पणियां की गईं। आसिफ ने अमन को ‘जाहिल’ कहा, जिसके जवाब में अमन ने भी पलटवार किया। अमन ने आसिफ पर टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘एक्सपायर्ड चाट मसाला’ बताया और बाद में ‘छिछोरा’ भी कह दिया। इस दौरान मामला और गरमा गया। ‘पंचायत’ फेम एक्टर की ओर से अमन को शो के बाहर मिलने की बात कहे जाने के बाद दोनों के बीच तनाव और बढ़ता नजर आया।
अरिश्फा खान को सलमान ने दिया हौसला
वीकेंड का वार में सलमान खान ने अरिश्फा खान का हौसला भी बढ़ाया। उन्होंने सिंगर को लगातार मेहनत करते रहने की सलाह दी और कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी हों, उन्हें अपने काम पर ध्यान बनाए रखना चाहिए। सलमान ने इस दौरान बॉबी देओल के करियर का उदाहरण देते हुए बताया कि मुश्किल दौर के बाद भी लगातार मेहनत का नतीजा अच्छा हो सकता है। अरिश्फा से बातचीत के दौरान सलमान ने उनके व्यवहार को लेकर मजाकिया अंदाज भी अपनाया। उन्होंने कहा कि अगर घर में हर कोई ‘विक्टिम कार्ड’ खेल रहा है तो वह ‘चाइल्ड कार्ड’ का इस्तेमाल कर सकती हैं।
काजी बने ‘बॉस’, अमन को मिला ‘बिग लॉस’ का टैग
इसके बाद घर में ‘बॉस और बिग लॉस’ टास्क कराया गया। सलमान खान ने कंटेस्टेंट्स से पूछा कि पहले सप्ताह में किसने सबसे बेहतर खेल दिखाया और कौन सबसे ज्यादा पीछे रहा। टास्क के बाद काजी को ‘बॉस’ का खिताब मिला, जबकि अमन गांधी को ‘बिग लॉस’ घोषित किया गया। इस टास्क के जरिए घरवालों के प्रदर्शन को लेकर चर्चा भी हुई।
सलमान ने कई कंटेस्टेंट्स को दिखाया आईना
सलमान खान ने पहले सप्ताह के प्रदर्शन को लेकर कई कंटेस्टेंट्स की क्लास भी लगाई। खास तौर पर अमन गांधी को लेकर उन्होंने कहा कि वह शो में अपनी मौजूदगी प्रभावी तरीके से दर्ज नहीं करा पाए हैं। सलमान ने सवाल उठाया कि जब उन्हें बिग बॉस के घर में खुद को साबित करने का मौका मिला है तो वह सक्रिय भूमिका निभाने के बजाय केवल छोटे-छोटे पलों तक सीमित क्यों नजर आ रहे हैं। इसके अलावा सलमान ने लव गिल को भी अपने खेल में ज्यादा गंभीरता लाने की सलाह दी। रोहिद खान, उदिति सिंह, रीति तिवारी समेत अन्य कंटेस्टेंट्स को भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाने और दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की नसीहत दी। सलमान का साफ संदेश था कि बिग बॉस जैसे मंच पर सिर्फ मौके का इंतजार करने से काम नहीं चलेगा। कंटेस्टेंट्स को खुद पहल करनी होगी और अपने प्रदर्शन के जरिए दर्शकों के बीच जगह बनानी होगी।







