Main Slideखेल

IND vs AFG 1st T20: दिल्ली में बारिश बनेगी विलेन? पहले मैच से पहले जानें मौसम का हाल, हेड टू हेड और स्क्वॉड

नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज यानी 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होना है। इस सीरीज में अफगानिस्तान मेजबान टीम है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम को अफगानिस्तान के घरेलू मैदान के तौर पर उपलब्ध कराया है। क्रिकेट फैंस को भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है। हालांकि, मैच के दौरान मौसम कुछ परेशानी खड़ी कर सकता है। दिल्ली में रविवार को बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में फैंस की नजरें सिर्फ दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन पर ही नहीं, बल्कि मौसम के मिजाज पर भी रहेंगी।

मैच के दौरान कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को दिल्ली में दिन के दौरान बारिश की संभावना बनी हुई है। AccuWeather के अनुसार, दिन में बारिश की संभावना करीब 64 प्रतिशत तक है। दोपहर बाद बारिश का खतरा और बढ़ सकता है। शाम के समय, जब टॉस और मुकाबले की शुरुआत होनी है, बारिश की संभावना करीब 37 से 40 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। इसका मतलब यह है कि मैच के वक्त तेज बारिश की संभावना बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश की आशंका बनी रहेगी। रात में भी मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद नहीं है। करीब 10 से 11 बजे के बीच हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में बारिश की वजह से टॉस में देरी या मुकाबले की शुरुआत प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। मैच शुरू होने के बाद भी बारिश के कारण खेल रुक सकता है।

भारत का पलड़ा भारी, अफगानिस्तान को पहली जीत की तलाश

टी20 क्रिकेट में भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक कुल 9 मुकाबले खेले गए हैं। इन मैचों में भारतीय टीम का रिकॉर्ड शानदार रहा है। भारत ने 7 मुकाबलों में जीत हासिल की है। वहीं, एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका था, जबकि एक मुकाबला टाई रहा था। इसके बाद सुपर ओवर में भारत ने जीत दर्ज की थी। यानी अफगानिस्तान अब तक टी20 इंटरनेशनल में भारत को हराने में कामयाब नहीं हुआ है। ऐसे में अफगानिस्तान की टीम इस रिकॉर्ड को बदलने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, जबकि टीम इंडिया अपनी जीत का सिलसिला आगे बढ़ाना चाहेगी।

भारत का स्क्वॉड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, शिवम दुबे, ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर और यश ठाकुर।

अफगानिस्तान का स्क्वॉड

इब्राहिम जादरान (कप्तान), दारविश रसूली, नूर उल रहमान, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजइ, राशिद खान, मोहम्मद नबी, गुलबदिन नायब, नांगेलिया खरोटे, अब्दुल्लाह अहमदजइ, फजलहक फारूकी, नवीनुल हक, मुजीबुर रहमान और नूर अहमद।

मैच से जुड़ी अहम जानकारी

  • मैच: भारत बनाम अफगानिस्तान, पहला टी20
  • तारीख: 13 सितंबर 2026
  • स्थान: अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
  • शुरुआत: शाम 7:30 बजे
  • टॉस: शाम करीब 7:00 बजे
  • मेजबान: अफगानिस्तान
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close