Main Slideराष्ट्रीय

अमेरिका में विमान हादसा, 2 लोगों की मौत, कई एजेंसियां मौके पर तैनात

अमेरिका के कैलिफोर्निया से विमान हादसे की बड़ी खबर सामने आई है। फ्रेस्नो शहर के उत्तर-पश्चिमी इलाके में शनिवार दोपहर एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय न्यूज चैनल ABC30 ने फ्रेस्नो फायर डिपार्टमेंट के हवाले से हादसे की जानकारी दी है। बताया गया कि विमान ब्लाइथ एवेन्यू पर सिएरा स्काई पार्क एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही कई एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

एयरपोर्ट के पास हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान सिएरा स्काई पार्क एयरपोर्ट के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। फ्रेस्नो फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

कई एजेंसियों ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना के बाद फ्रेस्नो पुलिस डिपार्टमेंट, फ्रेस्नो फायर डिपार्टमेंट, फ्रेस्नो काउंटी शेरिफ ऑफिस और नॉर्थ सेंट्रल फायर डिपार्टमेंट समेत कई एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके अलावा बिजली कंपनी PG&E की टीम भी मौके पर मौजूद रही। अधिकारी दुर्घटनास्थल की जांच करने के साथ-साथ मलबे और आसपास के इलाके से जरूरी जानकारी जुटा रहे हैं।हादसे के बाद आसपास के इलाके में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। PG&E के आउटेज मैप के अनुसार, क्रैश के बाद कुछ स्थानीय इलाकों में बिजली चली गई थी। हालांकि, बाद में बिजली व्यवस्था बहाल कर दी गई।

विमान हादसे की वजह अभी साफ नहीं

फिलहाल विमान दुर्घटना की वजह का पता नहीं चल पाया है। अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। विमान के मॉडल और उसमें सवार लोगों की संख्या से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है। जांच टीम मलबे की पड़ताल के साथ संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close