Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

आगरा के 3 बूथों पर दोबारा होगी वोटिंग, सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल का वीडियो वायरल होने के बाद फैसला

उत्तर प्रदेश में आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. शुक्रवार को हुए मतदान के बाद आगरा के तीन बूथों पर दोबारा वोटिंग कराई जाएगी. इन बूथों पर पुनर्मतदान की सिफारिश रिटर्निंग ऑफिसर ने की थी. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, सपा उम्मीदवार डॉ. आकाश अग्रवाल का वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जानकारी ली गई. जांच के बाद संबंधित बूथों पर फिर से मतदान कराने का निर्णय लिया गया है. हालांकि, पुनर्मतदान की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है.

खेरागढ़, सैंया और फतेहाबाद में दोबारा मतदान

आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को भेजा गया था. इसमें बूथ संख्या 20, 21 और 26 पर दोबारा वोटिंग की सिफारिश की गई थी. अब इन तीनों केंद्रों पर फिर से मतदान कराया जाएगा.

पुनर्मतदान वाले बूथों का विवरण इस प्रकार है.

  • बूथ संख्या 20: खेरागढ़ तहसील परिसर के कक्ष संख्या 1 में स्थित मतदान केंद्र.
  • बूथ संख्या 21: सैंया क्षेत्र पंचायत कार्यालय के कक्ष संख्या 1 में स्थित मतदान केंद्र.
  • बूथ संख्या 26: फतेहाबाद क्षेत्र पंचायत कार्यालय के कक्ष संख्या 1 में स्थित मतदान केंद्र.

फिलहाल चुनाव अधिकारियों की ओर से पुनर्मतदान की तारीख और समय को लेकर जानकारी नहीं दी गई है.

सपा उम्मीदवार का रोते हुए वीडियो हुआ था वायरल

आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान सपा उम्मीदवार डॉ. आकाश अग्रवाल ने मतदान में गड़बड़ी और बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाए थे. शिकायत दर्ज कराने के लिए वह मंडल मुख्यालय पहुंचे थे. मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए वह भावुक हो गए थे. उनका रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया था कि उन्हें और उनके परिवार के साथ-साथ समर्थक शिक्षकों को भी परेशान किया जा रहा है. उन्होंने प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर आशंका जताई और कहा कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा जा सकता है. उन्होंने सरकार पर अपने अधिकारों का हनन करने और लोकतंत्र का मजाक बनाने का आरोप भी लगाया था. भावुक होकर उन्होंने एमएलसी बनने की इच्छा छोड़ने और बौद्ध धर्म अपनाने का संकेत दिया था.

शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

सपा उम्मीदवार की शिकायत के बाद चुनाव अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की थी. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, आकाश अग्रवाल का वीडियो सामने आने के बाद आगरा के संबंधित अधिकारियों से बातचीत की गई. इसके बाद तीन मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग कराने का फैसला लिया गया गौरतलब है कि शुक्रवार को हुए एमएलसी चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी ने कई जगहों पर मतदान में धांधली के आरोप लगाए थे. अब आगरा के तीन बूथों पर पुनर्मतदान के फैसले के बाद चुनाव प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने की संभावना है.

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close