Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेशमनोरंजन

अंकित बालियान मर्डर केस में बड़ा एक्शन, एनकाउंटर में 2 मुख्य शूटर ढेर, परिवार बोला- बाकी आरोपियों को भी पकड़ें

शामली: हरियाणवी गायक और अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस और STF को बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार तड़के शामली में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में हत्या के दो कथित मुख्य शूटर मारे गए। मृतकों की पहचान मोहित और सुमित के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

चेकिंग के दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़

शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या के बाद जिले में रात से ही सघन चेकिंग और नाकेबंदी के निर्देश दिए गए थे। सोमवार सुबह करीब 4 बजे हिजाना थाना क्षेत्र में पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान करनाल की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद मन्ना मादरा पुल के पास भी पुलिस टीम पर गोलीबारी की गई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी बढ़ने के बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग जारी रखी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों को अंकित बालियान हत्याकांड के मुख्य शूटर बताया है।

अंकित के पिता बोले- कार्रवाई के लिए योगी सरकार का धन्यवाद

दो शूटरों के एनकाउंटर के बाद अंकित बालियान के परिवार ने पुलिस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। अंकित के पिता सतबीर बालियान ने कहा कि वह कार्रवाई से संतुष्ट हैं, लेकिन मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। परिवार की मांग है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पूरे गैंग के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

मां ने की दूसरे आरोपियों को पकड़ने और नौकरी की मांग

अंकित की मां ने भी पुलिस कार्रवाई के लिए सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि दो आरोपियों के मारे जाने के बाद भी मामला पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने बचे हुए आरोपियों को पकड़ने के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। अंकित की बहन रीना ने भी सरकार की कार्रवाई पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि परिवार के लिए यह मुश्किल समय है। उनका कहना है कि अंकित परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां संभालते थे और उनके जाने के बाद बुजुर्ग माता-पिता के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। रीना ने सरकार से अंकित के नाम पर स्टेडियम बनाने और वहां उनकी प्रतिमा लगाने की मांग भी रखी।

पत्नी बोलीं- अभी कार्रवाई पूरी नहीं हुई

अंकित की पत्नी स्वाति बालियान ने कहा कि दो आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई से परिवार को कुछ राहत मिली है और पुलिस प्रशासन के काम से संतुष्टि है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आभार जताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि हत्याकांड से जुड़े कुछ आरोपी अभी फरार हैं और जब तक उन्हें पकड़ा नहीं जाता, तब तक परिवार को पूरी तरह संतोष नहीं होगा। स्वाति ने सरकार से परिवार की आर्थिक स्थिति पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि परिवार में रोजगार की समस्या है और उन पर कर्ज भी चल रहा है।

जिम से निकलते ही अंकित पर हुई थी फायरिंग

बता दें कि शामली में पिछले बुधवार शाम हरियाणवी कलाकार और यूट्यूबर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया था कि अंकित जिम गए थे। वहां से बाहर निकलने के दौरान बदमाशों ने उन पर अचानक गोलीबारी कर दी। फायरिंग में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी और जिले में नाकेबंदी बढ़ा दी गई थी। अब इसी अभियान के दौरान दो कथित मुख्य शूटरों के मारे जाने से केस में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close